रांची: झारखंड में भाजपा ने विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कराया है। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में खगेन महतो, परिंदा सिंह और कुमकुम देवी समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा ने इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में ईचागढ़ क्षेत्र के खगेन महतो, बोकारो की परिंदा सिंह और बरकट्ठा की कुमकुम देवी शामिल हैं। इनके अलावा सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, बोकारो और जमशेदपुर से जुड़े कई अन्य लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
बाबूलाल मरांडी बोले- सेवा और अंत्योदय भाजपा का मूलमंत्र
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र सेवा और अंत्योदय है। पार्टी का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी की विचारधारा को अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक के खिलाफ कानून, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीबों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं को केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में गिनाया। उन्होंने आवास, मुफ्त राशन, शौचालय और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।
उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार और खनिज संपदा की लूट के आरोप लगाए। मरांडी ने कहा कि राज्य में बालू, पत्थर, कोयला, लोहा और जमीन से जुड़े मामलों में अनियमितताओं की शिकायतें हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ काम करने का आह्वान किया।
खगेन महतो बोले- भाजपा और जनसंघ से रहा है पारिवारिक जुड़ाव
भाजपा की सदस्यता लेने वाले खगेन महतो ने कहा कि वह भाजपा और जनसंघ से जुड़े नेता हिकीम चंद्र महतो के परिवार से आते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और अब वह संगठन के लिए काम करेंगे।
वहीं, झारखंड के पूर्व दिग्गज नेता समरेश सिंह की बहू परिंदा सिंह ने कहा कि वह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और राष्ट्रहित के संकल्पों से प्रेरित होकर संगठन में काम करना चाहती हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण को प्राथमिकता देने की बात कही।
बरकट्ठा की कुमकुम देवी ने भाजपा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी, उसे वह ईमानदारी से निभाएंगी। बिमल बैठा ने भी भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों के साथ जुड़े रहने की बात कही।
2029 में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उनसे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में भवानी गोप, हरि सिंह, हरिपाल महतो, कैलाश प्रामाणिक, उत्तम कुमार, मिंटू गुप्ता, संजय मंडल, क्षितिज कुमार, मालिन्दर कालिंदी, छूटूलाल महतो, सुभाष महतो, बिंदु देवी, हरिपद सिंह, जितेंद्र प्रामाणिक और पवन शर्मा समेत कई अन्य लोगों ने भी सदस्यता ग्रहण की।
समारोह का संचालन भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती ने दिया। इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









