Ranchi: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय विषय है और इससे जुड़े निर्णय लेने की ज़िम्मेदारी पूरी तरह से केंद्र सरकार और सेना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह दो देशों का विषय है। इसमें जो भी फैसला लेना है, वह भारत सरकार को ही लेना है। आप देख रहे होंगे कि समय-समय पर केंद्र और सेना की ओर से कई निर्णय लिए जा रहे हैं और उन्हें लागू भी किया जा रहा है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए झारखंड सरकार और यहां की जनता हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा, “हम इस देश की अखंडता को बनाए रखने के लिए जो भी योगदान दे सकते हैं, देंगे। हमारी पूरी कोशिश होगी कि देश के हित में जो जरूरी कदम हों, उन्हें हम मजबूती से उठाएं।”
वर्तमान हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह समय आपस में सवाल-जवाब करने का नहीं है। वक्त का इंतजार कीजिए, सभी बातें स्पष्ट हो जाएंगी।”
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में हुई सर्वदलीय बैठक में झारखंड से प्रतिनिधि शामिल हुए थे, हालांकि वे स्वयं उस बैठक की विस्तृत जानकारी अभी नहीं ले पाए हैं।












