Ranchi: केंद्र सरकार के प्रस्तावित MMDR विधेयक को लेकर झारखंड में सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने इस विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को रांची स्थित लोक भवन के समक्ष राज्य स्तरीय धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने शनिवार को प्रदर्शन की तैयारियों की जानकारी देते हुए केंद्र सरकार पर झारखंड के खनिज और आर्थिक हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के झारखंड से जुड़े सांसदों को राज्य के हितों के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
कांग्रेस ने भाजपा सांसदों पर साधा निशाना
सोनाल शांति ने कहा कि झारखंड के हितों से जुड़े MMDR विधेयक के मुद्दे पर भाजपा सांसदों की चुप्पी चिंता का विषय है। कांग्रेस का आरोप है कि विधेयक के लागू होने से राज्य को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस झारखंडी जनता की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन कर रही है। इसके तहत 27 अगस्त को जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया गया था। अब 7 सितंबर के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस के नेता लगातार विभिन्न स्तरों पर बैठकें कर रहे हैं।
हर साल 14 हजार करोड़ के नुकसान का दावा
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि MMDR विधेयक के कारण झारखंड को हर साल करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। पार्टी का कहना है कि इसका सीधा असर राज्य की कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है।
कांग्रेस इस मुद्दे को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रमंडलों और जिलों में संवाददाता सम्मेलन भी कर रही है। देवघर, खूंटी, जमशेदपुर, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, लोहरदगा और धनबाद समेत कई जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखा है।
7 सितंबर के प्रदर्शन में जुटेंगे कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी के. राजू, राष्ट्रीय सचिव बेला प्रसाद, भूपेंद्र मरावी समेत पार्टी के सांसद, मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व अध्यक्ष, पूर्व विधायक, पंचायत स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।
कांग्रेस ने कार्यक्रम में बड़ी जनभागीदारी का दावा करते हुए कहा है कि प्रखंड और पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जुटाया जा रहा है।
खनिज संपदा को लेकर केंद्र पर कांग्रेस का हमला
सोनाल शांति ने कहा कि झारखंड देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्य के कोयला, लौह अयस्क और अन्य खनिजों का इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में उद्योगों के लिए किया जाता है।
कांग्रेस का आरोप है कि झारखंड की खनिज संपदा से दूसरे राज्यों और उद्योगों को फायदा मिल रहा है, जबकि राज्य के हिस्से में अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं पहुंच रहा है। पार्टी ने कहा कि वह MMDR विधेयक को लेकर भाजपा के कथित दोहरे रवैये को जनता के सामने रखेगी।
कांग्रेस के अनुसार, 7 सितंबर का प्रदर्शन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के आर्थिक और खनिज अधिकारों से जुड़ा आंदोलन है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









