Jharkhand News – झारखंड सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए मंगलवार को 975 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में आयोजित इस भव्य समारोह में राज्य के टॉपर छात्रों को स्कूटी, लैपटॉप, मोबाइल और 3 लाख रुपये का इनाम भी दिया गया।
975 शिक्षकों को मिली नियुक्ति, शिक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
इस अवसर पर 909 सहायक आचार्य (गणित और विज्ञान) और 33 लैब सहायक को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इससे राज्य की सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
झारखंड टॉपर सम्मान योजना के तहत छात्रों को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम में झारखंड बोर्ड (JAC), ICSE और CBSE के टॉप 4-4 छात्रों को विशेष सम्मान दिया गया। इन्हें मिले इनाम:
- ₹3 लाख की प्रोत्साहन राशि
- स्कूटी
- लैपटॉप
- स्मार्टफोन
सम्मानित छात्रों के नाम: देव तिवारी, अंकित दत्ता, रेशमी कुमारी, सांभवी जायसवाल, तनिष्का चटर्जी, अनुसूया सिंह और दीप्तेश गुप्ता।
नेतरहाट स्कूल की तर्ज पर खुलेंगे तीन नए उत्कृष्ट विद्यालय
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की कि राज्य में जल्द ही नेतरहाट मॉडल पर तीन नए उत्कृष्ट विद्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि नेतरहाट स्कूल अब इंग्लिश मीडियम में संचालित होगा और लड़कियों के लिए भी खोला जाएगा, जो पहले केवल लड़कों के लिए था।
read more- पाकिस्तान से हथियार मंगवाता था अमन साहु गैंग, मयंक सिंह का बड़ा खुलासा
सरकार का लक्ष्य – शिक्षा में झारखंड को नई पहचान दिलाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि “हम चाहते हैं कि झारखंड के बच्चे भी देश के अन्य राज्यों की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें। हमारी सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है।”
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने भी छात्रों और शिक्षकों को बधाई दी और सरकार की योजनाओं की सराहना की।












