Jharkhand News: झारखंड में शीतलहर ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि दोपहर 2 बजे के बाद भी ठंडी हवाओं के कारण लोग धूप में बैठने से बच रहे हैं। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 तारीख से तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
Read more- Dhanbad News: चोरी हुआ नवजात सुरक्षित, पुलिस की गिरफ्त में आधा दर्जन संदिग्ध
Jharkhand के 12 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने Jharkhand के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा और कोडरमा शामिल हैं।
इन जिलों में सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाए रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। राजधानी रांची के साथ-साथ गुमला और खूंटी में सुबह के वक्त हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। सुबह करीब 6 बजे विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से भी नीचे पहुंच गई, जिससे सड़कों पर कुछ ही दूरी पर खड़े लोग तक नजर नहीं आ रहे थे। ऐसे हालात में वाहन चलाना जोखिम भरा साबित हो रहा है।
हवाई यातायात पर कोहरे की मार
घने कोहरे का सीधा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से गुरुवार सुबह रांची-कोलकाता की पहली फ्लाइट कम दृश्यता के कारण रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा रांची से दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और एक अन्य रांची-कोलकाता फ्लाइट समेत कुल 5 उड़ानें रद्द रहीं।
वहीं, 8 विमान अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से रांची पहुंचे। एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, कुहासे के कारण उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले कुछ दिनों तक शीतलहर और कोहरे का असर झारखंड में बना रह सकता है।












