Jharkhand News: धनबाद मेगा वाहन जांच, यातायात नियम तोड़ने वाले 248 वाहनों का कटा चालान
Jharkhand News: धनबाद शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर बुधवार को मेगा वाहन जांच अभियान चलाया गया। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न चौक-चौराहों पर अभियान चलाते हुए कुल 678 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 248 वाहन चालकों पर नियम उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान फैंसी नंबर प्लेट पर विशेष नजर रखी गई। जांच में 153 वाहनों पर अवैध नंबर प्लेट पाई गई, जिन पर चालान काटा गया। इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वाले और पीछे बैठे बिना हेलमेट यात्रियों पर भी सख्ती की गई। चारपहिया वाहनों में काले शीशे लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस व प्रदूषण प्रमाण पत्र की भी जांच की। कागजात अधूरे मिलने पर चालान किया गया।
ट्रैफिक डीएसपी ने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।













