Jharkhand News: झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे से चीख पुकार मच गई। सिमडेगा से कुनकुरी जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
Jharkhand News: बस में दो दर्जन से ज्यादा लोग थे सवार
मिली जानकारी के मुताबिक अनमोल नाम की बस कुरडेग से कुनकुरी के लिए निकली थी। बस में दो दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे। जब वाहन जशपुर जिले के करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा गांव के पास ढलान पर पहुंची तभी अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। यात्रियों ने ड्राइवर से बस रोकने की गुहार लगाई, लेकिन कंडक्टर ने बताया कि ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं।
Jharkhand News: मृतकों में एक दंपती और एक पिता-पुत्र भी शामिल
कुछ ही क्षणों में बेकाबू बस सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में एक दंपती और एक पिता-पुत्र भी शामिल हैं। फिलहाल घटना में 17 लोग घायल हो गए है जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।












