Jharkhand News: पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको हिलाकर रख दिया। तरहसी थाना क्षेत्र के बिसुनपुरा गांव में देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे एक कच्चे घर में घुस गई। घटना में घर में सो रहे बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पाचो कुंअर के रुप में हुई है। वहीं घर भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
Jharkhand News: ईलाज के दौरान महिला की मौत
मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार लोग सतबरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और तरहसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह घर में जा घुसा। जिस वक्त घटना हुई उस समय घर के अंदर पाचो कुंअर सो रही थीं। अचानक हुए इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग महिला की मौत से गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Jharkhand News: पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लिया
तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है। स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे में घर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












