Ranchi: नए साल से पहले रांची में अब सख्ती का ऐसा दौर शुरू होने जा रहा है, जिससे अतिक्रमण करने वालों, प्लास्टिक बेचने वालों और अवैध वसूली करने वालों की नींद उड़ना तय है। रांची नगर निगम ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अब चेतावनी नहीं, सीधे कार्रवाई होगी।
30 दिसंबर 2025 को उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में शहर को अतिक्रमण-मुक्त, स्वच्छ, प्लास्टिक-मुक्त और जाम-मुक्त बनाने के लिए एक आक्रामक एक्शन प्लान को हरी झंडी दे दी गई। इस बैठक के बाद इन्फोर्समेंट टीम को फील्ड में उतरने का स्पष्ट आदेश दे दिया गया है।
नगर निगम के अनुसार, मुख्य सड़कों, बाजार इलाकों, सार्वजनिक स्थलों और निगम की जमीन पर फैले अवैध कब्जों को अब चरणबद्ध नहीं, निर्णायक तरीके से हटाया जाएगा। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संकेत साफ है—जो आज हटेगा, वह दोबारा खड़ा हुआ तो कानूनी शिकंजा तय है।
सफाई व्यवस्था को लेकर भी निगम का रुख बेहद सख्त है। सड़क पर कचरा फेंकने, निर्माण मलबा डालने या डस्टबिन न रखने वालों पर अब सीधा जुर्माना और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का मानना है कि गंदगी के खिलाफ ढील ने ही शहर की व्यवस्था बिगाड़ी है, इसलिए अब जीरो टॉलरेंस नीति लागू की जा रही है।
प्लास्टिक को लेकर भी निगम ने दो टूक संदेश दिया है। सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाएगा। नए साल के दौरान इस अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि उल्लंघन करने वालों को बख्शा न जा सके।
शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए Left Free Road व्यवस्था को भी सख्ती से लागू किया जाएगा। सड़कों के बाएं हिस्से में अवैध पार्किंग या कब्जा करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। निगम का कहना है कि ट्रैफिक बाधित करने वालों को अब ‘सामान्य गलती’ मानकर नहीं छोड़ा जाएगा।
इसके साथ ही बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग, बैनर और विज्ञापन संरचनाओं को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया है। अवैध होर्डिंग लगाने वाली एजेंसियों पर भी कार्रवाई होगी। अवैध पार्किंग वसूली को लेकर निगम ने साफ किया है कि सिर्फ अधिकृत एजेंसियों को ही शुल्क वसूलने की अनुमति होगी। तय राशि से ज्यादा वसूली की शिकायत मिलने पर सीधे एक्शन लिया जाएगा।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति शहर में बैनर, पोस्टर या पंपलेट लगाने वालों पर जुर्माना और सख्त कार्रवाई होगी। इसे शहर की सुंदरता और व्यवस्था के खिलाफ गंभीर अपराध माना जाएगा।
बैठक के अंत में उप प्रशासक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रांची नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए कोई नरमी नहीं होगी।













