Jharkhand News: सारंडा के जंगलों में आए तूफान ने छीनी कोबरा जवान की जिंदगी
Jharkhand News: झारखंड के सारंडा वन क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक दर्दनाक दुर्घटना घटी है।। मिली जानकारी के अनुसार, सारंडा में चल रहे नक्सल अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। इस अभियान के दौरान तेज आंधी और बारिश हुई जिसकी वजह से एक विशाल पेड़ कोबरा जवान पर जा गिरा। इस हादसे में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद घायल जवान को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। शहीद जवान की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। रांची में ईलाज के दौरान जवान राकेश कुमार का निधन हो गया।
बटालियन में सिपाही के पद पर कार्यरत थे
शहीद राकेश कुमार बटालियन में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। पुलिस मुख्यालय ने जानकारी देते हुए बताया की राकेश कुमार सारंडा के बाबुड़ेरा के कैम्प में तैनात थे और नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन का हिस्सा थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और मूसलाधार बारिश के साथ भीषण तूफान शुरू हो गया। अभियान के दौरान ही एक विशाल पेड़ अचानक राकेश कुमार के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ईलाज के लिए जवान को तुरंत जंगल से बाहर निकाला गया और एयर लिफ्ट कर रांची लाया गया। लेकिन ईलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले थे शहीद
शहीद जवान राकेश कुमार बिहार के औरंगाबाद जिले के दाऊदनगर के रहने वाले थे। उनकी शहादत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया और वे रांची पहुंचे। शहीद राकेश कुमार को रांची स्थित CRPF कैंप में पूरे सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी जाएगी। श्रद्धांजलि सभा के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास औरंगाबाद भेजा जाएगा, जहां सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।
आपको बता दें कि झारखंड के सारंडा जंगल में एक एक करोड़ के दो इनामी नक्सली के साथ उनका दस्ता मौजूद है। जिसकी तलाश में काफी लंबे समय से सुरक्षा बल के जवान नक्सल अभियान चला रहे हैं, इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों को कई नुकसान भी उठाने पड़े हैं।













