Ranchi Breaking: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत हाराटांड़ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान कमल साहू के रूप में हुई है, जिसने अपने पिता गोविंद साहू पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
Ranchi Breaking: पैसों को लेकर कहासुनी के बाद हत्या
सूत्रों के अनुसार, घर में पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर कमल साहू ने अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
Ranchi Breaking: नशे का आदी था आरोपी
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी कमल साहू कई प्रकार के नशे का आदी था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाराटांड़ गांव में तेजी से नशे का कारोबार बढ़ रहा है, जिससे युवा वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में रांची के इसी एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया था। एक होटल से 204 बोतल अवैध शराब बरामद की गई थी और होटल मालिक राजू साहू को गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी।
Ranchi Breaking: स्थानीय थाना पर सवालिया निशान
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि थाना नजदीक होने के बावजूद इलाके में नशे का अवैध कारोबार इतनी तेजी से कैसे फैल रहा है? क्या प्रशासन की निगरानी में कहीं न कहीं कमी रह गई है?
यह घटना न केवल एक पारिवारिक त्रासदी है, बल्कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और उसके खतरनाक परिणामों की ओर भी गंभीर संकेत देती है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









