Jharkhand News: कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित उरवां मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना में एक की मौत हो गई वहीं कई लोग बुरी तरह से घायल हो गये। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हजारीबाग की ओर से आ रहा एक एलपीजी टैंकर अचानक बेकाबू हो गया और सामने से आ रही सवारी गाड़ी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास खड़े लोग संभल भी नहीं पाए। इसके बाद टैंकर फुटपाथ पर लगी दुकानों और वहां मौजूद लोगों को भी अपनी चपेट में लेता चला गया। कुछ मोटरसाइकिल सवार भी हादसे का शिकार हो गए।
Jharkhand News: हादसे के बाद टैंकर चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पलभर में ही इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही चंदवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया।
हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान रूपलाल सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। वहीं हादसे के बाद टैंकर चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।












