Jharkhand News: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर राजधानी रांची में भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस पार्टी द्वारा किया गया प्रदर्शन पूरी तरह से भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने और कानून से बचने का असफल राजनीतिक नाटक है। भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं मीडिया संपर्क विभाग के संयोजक अजय राय ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ये बाते कही।
उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला कोई राजनीतिक प्रतिशोध नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़ा गंभीर आर्थिक अपराध है, जिसकी जांच देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाएं कर रही हैं। कांग्रेस नेतृत्व को यह स्पष्ट कर लेना चाहिए कि देश का कानून सबके लिए समान है, चाहे वह कितना ही बड़ा राजनीतिक परिवार क्यों न हो।
जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने वाली पार्टी संविधान की दुहाई दे रही
उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहते हुए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया, आज वही पार्टी कानून के दायरे में आने पर लोकतंत्र और संविधान की दुहाई दे रही है। कांग्रेस का यह प्रदर्शन यह साबित करता है कि उसके पास कानूनी जवाब नहीं, केवल सड़क पर हंगामा करने की रणनीति बची है।
अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। आज कोई भी व्यक्ति या पार्टी कानून से ऊपर नहीं है। कांग्रेस को यह समझना होगा कि जांच एजेंसियों को धमकाने या दबाव बनाने से सच्चाई नहीं बदलेगी।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे निर्दोष हैं तो न्यायालय में अपना पक्ष रखें, न कि जनता को गुमराह करने के लिए प्रदर्शन करें। भाजपा भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी लड़ाई जारी रखेगी और देश की जनता कांग्रेस के दोहरे चरित्र को भली-भांति पहचान चुकी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








