Jharkhand News: एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अड्डाबाजों और शराबियों पर कसा शिकंजा
Jharkhand News: जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देश पर मंगलवार को व्यापक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान अवैध अड्डाबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासनहीन गतिविधियों और संभावित अपराधों पर रोक लगाने के लिए संचालित किया गया।
प्रमुख ठिकानों पर सघन छापेमारी
सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए पार्क, स्कूल परिसर, खाली पड़ी जमीन और सुनसान स्थानों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान कई जगहों पर समूह बनाकर अड्डाबाजी करते लोग पाए गए। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 123 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते भी पकड़े गए।
एंटी क्राइम चेकिंग और वाहन जाँच
अभियान के तहत एंटी क्राइम चेकिंग भी तेज की गई। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर 1204 वाहनों की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। अधिकारियों ने खुद मौके पर रहकर पूरे अभियान की निगरानी की ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।
एसएसपी की सख्त चेतावनी
एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अड्डाबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने आस-पास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।













