Ranchi: झारखंड पुलिस ने विदेश में छिपे गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। इंटरपोल की मदद से लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा है और इसी कड़ी में बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के करीबी मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को अज़रबैजान में गिरफ्तार किया गया है। यह झारखंड पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अब इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए, अज़रबैजान सरकार ने मयंक सिंह को भारत लाने की मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार और झारखंड पुलिस की पहल के बाद एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (ATS) की तीन सदस्यीय टीम, एसपी ऋषभ झा के नेतृत्व में, जल्द अज़रबैजान रवाना होगी। टीम गैंगस्टर को भारत लाकर रांची पुलिस के हवाले करेगी।
राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा कि यह झारखंड पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पुलिस की साख बढ़ेगी। मयंक सिंह को लाने के पूरे मिशन का खर्च झारखंड सरकार वहन करेगी।













