Jharkhand Politics: भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को भारत के इतिहास में एक क्रांतिकारी बदलाव करार दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब महिलाएं सिर्फ योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास की ‘सारथी’ बन रही हैं।
Jharkhand Politics: पिछले एक दशक में 33 करोड़ बैंक खाते खुले
श्रीमती कोड़ा ने आंकड़ों के जरिए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले एक दशक में 33 करोड़ बैंक खाते, 10 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन और पीएम आवास में 74% मालिकाना हक महिलाओं को देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायतों और निकाय चुनावों में महिलाओं ने अपनी काबिलियत साबित की है, और अब विधानसभा व संसद में 33% आरक्षण मिलने से नीति निर्धारण में उनकी भूमिका राष्ट्र निर्माण को नई गति देगी।
Jharkhand Politics: समर्थन के लिए जारी किया नंबर
गीता कोड़ा ने आगामी 16 से 18 अप्रैल तक दिल्ली में होने वाले संसद के विशेष सत्र के लिए सभी राजनीतिक दलों से इस अधिनियम का समर्थन करने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने एक नंबर 9667173333 भी जारी किया, जिस पर मिस्ड कॉल देकर आम जनता इस ऐतिहासिक कदम को अपना समर्थन दे सकती है। इस दौरान आरती कुजूर, सीमा सिंह और अन्य महिला नेत्री भी मौजूद रहीं।













