Ranchi: झारखंड में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने दावा किया है कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत तय है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में वर्तमान संख्या बल महागठबंधन के पक्ष में है। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 28 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है, जबकि महागठबंधन के पास कुल 56 विधायक मौजूद हैं। ऐसे में दोनों सीटों पर गठबंधन की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है।
ऋषीकेश सिंह ने कहा कि गठबंधन धर्म और राजनीतिक संतुलन को देखते हुए एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और दूसरी सीट कांग्रेस को मिलना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि झामुमो के बाद कांग्रेस गठबंधन की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है और सरकार से लेकर संगठन तक कांग्रेस की भूमिका लगातार मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में गठबंधन को मजबूती देने का काम किया है। पार्टी लगातार संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान के जरिए आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारना पूरी तरह राजनीतिक रूप से उचित है।
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उम्मीदवार और सीट बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला कांग्रेस और झामुमो के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सामूहिक सहमति से लिया जाएगा।
भाजपा पर हमला बोलते हुए ऋषीकेश सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल हमेशा जोड़-तोड़, विधायकों की खरीद-फरोख्त और राजनीतिक अस्थिरता की राजनीति करता रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता पहले भी ऐसे प्रयासों को खारिज कर चुकी है और इस बार भी किसी तरह की राजनीतिक रणनीति सफल नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव संख्या बल और राजनीतिक विश्वसनीयता का चुनाव होता है। महागठबंधन पूरी तरह संगठित है और राज्य के हितों को प्राथमिकता देते हुए दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








