रांची: Jharkhand में बढ़ते शहरीकरण और आबादी की जरूरतों को देखते हुए राज्य के शहरीकृत जिलों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसके लिए उपलब्ध जमीन, कनेक्टिविटी, बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
झारखंड मंत्रालय में 3 सितंबर को ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी से जुड़े भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ शहरी विकास की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।
स्मार्ट सिटी की तर्ज पर दूसरे जिलों में भी विस्तार की तैयारी
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राज्य के उन जिलों की पहचान की जाए, जहां भविष्य में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जा सकती है। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में जमीन की उपलब्धता, सड़क और अन्य आधारभूत ढांचा, कनेक्टिविटी, नागरिक सुविधाएं, रोजगार के अवसर और संभावित आबादी का आकलन किया जाएगा।
सरकार की योजना ऐसे शहरी केंद्र विकसित करने की है, जहां लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाओं के साथ सुरक्षित वातावरण, सुगम यातायात और जरूरी सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
रांची स्मार्ट सिटी के विस्तार पर भी मंथन
बैठक में रांची स्मार्ट सिटी के भविष्य के विस्तार को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए स्मार्ट सिटी क्षेत्र के मौजूदा संसाधनों और भविष्य की जरूरतों का आकलन कर विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया।
इस दौरान हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (HEC) के साथ जमीन समेत अन्य संबंधित मुद्दों पर भविष्य में बातचीत किए जाने की संभावना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को संबंधित सभी पहलुओं का अध्ययन कर जरूरी तैयारी करने का निर्देश दिया गया।
रोजगार और निवेश को भी मिलेगा बढ़ावा
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि शहरी विकास केवल सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए। आधुनिक शहरों की योजना बनाते समय नागरिक सुविधाओं के साथ रोजगार, निवेश, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों की संभावनाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए।
अधिकारियों को भूमि से जुड़े कार्यों और अन्य प्रक्रियाओं में आपसी समन्वय के साथ तेजी लाने तथा परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है। साथ ही तय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, स्मार्ट सिटी के सीईओ सूरज कुमार, जीयाडा के एमडी वरुण रंजन, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलियार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









