Jharkhand News: झारखंड में ठंड ने अब विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शीतलहर और घने कोहरे के कारण राज्य भर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि रांची के पास स्थित कांके में तापमान गिरकर 5.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि राज्य में अगले छह दिनों तक ठंड, धुंध और कोहरे से राहत की कोई संभावना नहीं है। सुबह और रात के समय ठंड का असर और तेज महसूस किया जा रहा है।
16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड के 16 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को विशेष रूप से सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
Read more- Aravalli पर सुप्रीम कोर्ट की नई परिभाषा से बवाल, जानिए विवाद की जड़ क्या है?
प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, लोहरदगा में 7.1 डिग्री, गुमला और खूंटी में 7.3 डिग्री, हजारीबाग में 7.6 डिग्री, कोडरमा में 8.1 डिग्री, बोकारो और चाईबासा में 9.2 डिग्री तथा लातेहार में 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन जिलों में ठंड के कारण सुबह और शाम घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
6 दिनों तक जारी रहेगी शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक राज्य में धुंध और शीतलहर का असर बना रहेगा। रात के तापमान में और गिरावट के संकेत हैं, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है। ग्रामीण इलाकों में इसका प्रभाव ज्यादा देखने को मिल रहा है।
चिंता की सबसे बड़ी वजह अधिकतम तापमान में आई भारी गिरावट है। राज्य के पांच जिलों में दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। हजारीबाग में अधिकतम तापमान मात्र 15.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा। इसके चलते दिन में भी सिहरन महसूस की जा रही है।
Read more- Ranchi News: चुटिया मेन रोड पर तेज रफ्तार का कहर, नशे में धुत कार चालक फरार












