Jharkhand: हावड़ा–मुंबई मेन लाइन पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत टुनियां स्टेशन के पास Vande Bharat एक्सप्रेस के एक कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब 20871 अप Vande Bharat एक्सप्रेस तेज रफ्तार में अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी।
अचानक कोच के अंदर धुआं भरने लगा, जिससे यात्रियों में घबराहट और अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को टुनियां स्टेशन पर रोक दिया। ट्रेन रुकते ही कई यात्री घबराकर कोच से बाहर उतर आए।
जांच में क्या निकला कारण?
रेलवे कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ट्रेन की गहन जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक बोगी के चक्के में ब्रेक बाइंडिंग के कारण घर्षण हुआ, जिससे धुआं और चिंगारी निकल रही थी। कर्मचारियों ने तुरंत आगनुमा स्थिति को काबू में लिया और आवश्यक तकनीकी सुधार किया।
एक घंटे तक खड़ी रही ट्रेन
सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने पूरी ट्रेन की दोबारा जांच की। इस दौरान Vande Bharat एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक टुनियां स्टेशन पर खड़ी रही। दोपहर करीब 12 बजे सभी मानकों की पुष्टि के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।












