Ranchi: हज 2026 को लेकर झारखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और झारखंड राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. Irfan Ansari ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ एक अहम और आपात बैठक कर हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
डॉ. Irfan Ansari ने साफ कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हज पर जाने वाले हर हाजी को बेहतर, सम्मानजनक और परेशानी-मुक्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
1670 हाजियों के लिए टाइमलाइन तय
हज 2026 के तहत झारखंड से लगभग 1670 हज यात्री प्रस्तावित हैं। मंत्री ने निर्देश दिया कि
- 07 फरवरी 2026 तक मेडिकल स्क्रीनिंग पूरी की जाए
- 08 फरवरी 2026 से वैक्सीनेशन शुरू किया जाए
उन्होंने बताया कि मेडिकल जांच पूरी होने के बाद ही वैक्सीनेशन और आगे की वीज़ा प्रक्रिया संभव होगी, इसलिए समयबद्धता बेहद जरूरी है।
सिविल सर्जनों को मिले ये अहम निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के बेहतर समन्वय पर ज़ोर देते हुए कई अहम फैसले लिए गए—
- सभी जिलों में सिविल सर्जनों की तत्काल बैठक
- हज यात्रियों के लिए एकरूप और स्पष्ट गाइडलाइन
- हर जिले में नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति
- स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन के दौरान प्राथमिकता और सम्मानजनक व्यवहार
डॉ. Irfan Ansari ने दो टूक कहा कि हाजियों के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
केंद्र की कटौती पर नाराज़गी, राज्य ने संभाला मोर्चा
स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा हज कमेटियों के संसाधनों में की गई कटौती पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे हाजियों में गहरा आक्रोश है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि
“हक छीना जा सकता है, मगर जज़्बा, हिम्मत और मोहब्बत को नहीं।”
राज्य सरकार अपने स्तर पर हर जरूरी सुविधा देने में सक्षम है।
रांची से इमिग्रेशन हटने पर चिंता
डॉ. अंसारी ने रांची से इमिग्रेशन प्वाइंट हटाकर कोलकाता किए जाने पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर हज कमेटी ऑफ इंडिया से बातचीत हो चुकी है और जल्द ही मुंबई जाकर ठोस पहल की जाएगी।
मुफ्त जांच, मुफ्त वैक्सीन
राज्य सरकार की ओर से—
- सभी मेडिकल जांच पूरी तरह मुफ्त
- वैक्सीनेशन कार्यक्रम निशुल्क
- जरूरी खर्च राज्य सरकार वहन करेगी
मंत्री ने तुलना करते हुए कहा कि जैसे देवघर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए विशेष इंतज़ाम होते हैं, उसी तरह हज यात्रियों को भी मुकम्मल स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
राज्य हज हाउस होगा और आधुनिक
बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य हज हाउस को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए विशेष राशि जल्द जारी की जाएगी, ताकि वह खिदमत और व्यवस्था की पहचान बन सके।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








