Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर राज्य के अधिकांश जिलों में देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Jharkhand Weather Alert: भीषण गर्मी व उमस से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों में झारखंड में औसतन करीब 40 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 25.1 मिमी होनी चाहिए थी। लगातार हो रही बारिश से राज्य में वर्षा की कमी 61 प्रतिशत से घटकर 46 प्रतिशत पर आ गई है, जो किसानों और जल स्रोतों के लिए राहत की खबर मानी जा रही है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले तीन दिनों तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लगातार वर्षा के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।
हालांकि उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज बारिश, आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









