रांची: हिंदू पंचांग के अनुसार शीत ऋतु का पहला महीना कार्तिक आज पूर्णिमा के साथ समाप्त हो रहा है। इसी के साथ झारखंड में अब ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से जहां दिन में हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं रात में ठंडी हवाएं कंपकंपी ला रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, खूंटी और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले दो से तीन दिनों में यह तापमान और नीचे जाकर 10 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 नवंबर से झारखंड में ठंड अपने पूरे रंग में नजर आएगी।
इसका कारण उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाएं हैं, जो राज्य के पर्वतीय इलाकों से गुजरते हुए सर्दी को और बढ़ा रही हैं। नवंबर महीने में बारिश की संभावना बेहद कम है, लेकिन ठंडी हवाएं पूरे राज्य को अपनी चपेट में लेंगी। दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होगी, मगर शाम और रात का तापमान तेजी से गिरेगा।












