Jharkhand News: झारखंड में शीतलहर का असर लगातार तेज होता जा रहा है। राज्यभर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4–5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। राजधानी रांची में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, रांची से सटे कांके में पारा गिरकर 4.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
धीमी रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं (लगभग 1.6 किमी प्रति घंटा) ने सुबह और शाम की कनकनी को और बढ़ा दिया है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
Jharkhand के चार जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रांची, खूंटी, गुमला और लोहरदगा जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राज्य के उत्तरी हिस्से के 12 जिलों में घने कुहासे को लेकर भी येलो अलर्ट लागू किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले चार दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ का सीमित असर
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव Jharkhand के उत्तरी इलाकों तक सीमित है। रांची समेत अन्य क्षेत्रों में इसका असर कमजोर रहने के कारण ठंडी हवाएं हावी हैं, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के चलते आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
मैकलुस्कीगंज में घना कुहासा
मैकलुस्कीगंज में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह करीब 10 बजे तक पूरे क्षेत्र में घना कुहासा छाया रहा। दृश्यता कम होने के कारण दिन में भी वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते ही सर्द हवाओं के साथ ठंड फिर बढ़ गई।
हवाई सेवाएं प्रभावित, यात्रियों को परेशानी
घने कोहरे और खराब दृश्यता का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मंगलवार को तीन उड़ानें रद्द रहीं, जबकि कई विमानों का संचालन देरी से हुआ। कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद जाने वाली उड़ानों में 30 मिनट से लेकर डेढ़ घंटे तक की देरी दर्ज की गई। यात्रियों ने उड़ान रद्द होने और विलंब से काफी परेशानी होने की शिकायत की।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर शाम घर से निकलते समय विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में वाहन चलाते समय फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी है। शीतलहर के बीच आने वाले कुछ दिन झारखंडवासियों के लिए ठंड की कड़ी परीक्षा लेने वाले हैं।












