Jharkhand Weather Update: झारखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां सूरज की तपिश लोगों को सता रही है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गर्जन की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने10 मार्च के लिए विशेष चेतावनी जारी की है।
Jharkhand Weather Update: कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्य जिलों में बादल छाए रहेंगे। सोमवार को गिरिडीह और धनबाद में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने इस बदलाव की दस्तक दे दी है। धनबाद, देवघर, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज सहित आसपास के इलाकों में छिटपुट वर्षा और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान वज्रपात (Lightning) की आशंका जताते हुए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहें।
राजधानी रांची का हाल
रांची और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे।
-
अधिकतम तापमान: 32°C से 34°C
-
न्यूनतम तापमान: 18°C से 19°C
शहर में गरज वाले बादल बनने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे उमस बढ़ने की संभावना है।
Jharkhand Weather Update: बारिश के बावजूद गर्मी से राहत नहीं
हैरानी की बात यह है कि बारिश और बादलों के बावजूद तापमान में कोई बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की गई है। झारखंड में मार्च के महीने में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। जमशेदपुर, सिमडेगा, साहिबगंज जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 22°C तक पहुंच गया है। वहीं जामताड़ा और गोड्डा में न्यूनतम पारा 21°C के आसपास बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह हलचल दो दिनों तक रहेगी। इसके बाद आसमान साफ होते ही गर्मी का प्रकोप और तेजी से बढ़ेगा।
बारिश के बावजूद भी गर्मी से आम जनता को कोई खास राहत नहीं मिलने वाली यानी मार्च के इस महीने में झारखंड में अप्रैल जैसी गर्मी ने सभी को हैरान कर दिया हैं। हालांकि कुछ जिलों में बारिश की संभावना बनी है, पर गर्मी की असहनीय उमस जारी रहने वाली हैं।












