Jharkhand Weather Update: 27 मार्च से फिर होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है। पिछले 24 घंटों में राज्य के तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन जल्द ही तपती धूप से राहत मिलने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 27 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
Jharkhand Weather Update: 27 मार्च को कैसा रहेगा तापमान?
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, अगले चार दिनों तक झारखंड के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है। हालांकि, इस बढ़ती गर्मी के बीच 27 मार्च को मौसम अचानक करवट लेगा, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। बारिश के दौरान 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने 27 मार्च के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। उत्तर-पूर्वी इलाकों को छोड़कर झारखंड के लगभग सभी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात (Thunderstorm) और तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं।दोपहर के समय धूप तेज रहने के कारण अल्ट्रावॉयलेट (UV) किरणों का खतरा बढ़ सकता है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जिलेवार प्रभाव और राहत
राजधानी रांची में 27 मार्च को तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बारिश का असर अन्य क्षेत्रों के मुकाबले थोड़ा कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 मार्च से मौसम फिर से साफ और शुष्क हो जाएगा।











