Jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 9 और 10 अक्टूबर को रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है।
10 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में मेघ गर्जन की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, इस दौरान दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
तापमान में इस बदलाव का असर सुबह और रात के समय महसूस होगा। दिन में धूप निकलने के बाद मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 11 अक्टूबर से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ होने लगेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
13 अक्टूबर तक झारखंड से मानसून की विदाई संभव
12-13 अक्टूबर से दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड से विदा होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद अगले सप्ताह से मौसम के शुष्क होने का दौर शुरू हो सकता है।
बुधवार को रांची में छिटपुट बारिश हुई, जबकि लातेहार में 28 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। रांची का अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में दो और न्यूनतम में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








