Ranchi News: राजधानी रांची के बरियातू स्थित बिरला बागान चेशायर होम रोड के जोड़ा तालाब परिसर में रविवार को झारखंड के पहले “गलाईडो ईवी स्कूटीज़” असेंबलिंग प्लांट का भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संयंत्र का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह में शहर के कई गणमान्य व्यक्ति, उद्योगपति और समाजसेवी भी मौजूद रहे। कंपनी के प्रबंध निदेशक ऋतिक राज और संजय साहू ने बताया कि यह असेंबलिंग प्लांट राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से बनी ये इलेक्ट्रिक स्कूटी न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि शहरी यात्राओं और दैनिक उपयोग के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प भी पेश करती हैं।
उद्घाटन के दौरान कंपनी ने अपने चार नए मॉडल भी पेश किए। अधिकारियों के अनुसार, गलाईडो ईवी स्कूटी को एक बार चार्ज करने पर 60 से 80 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है, जो इसे शहर के दैनिक उपयोग के लिए आदर्श बनाता है।
समारोह में सुरेश साहू, संतोष साहू, कुणाल आजमानी, नागेश्वर जायसवाल, जुगल किशोर, मनोज कुमार और सुदेश साहू समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और आमंत्रित अतिथि शामिल हुए।
उपस्थित लोगों ने कहा कि रांची में इस तरह के नवाचारपूर्ण उद्योग की स्थापना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूत कदम उठाएगा।












