रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को राज्यभर के 986 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में करीब 5.65 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नकल करते या कराते पकड़े जाने पर तीन साल तक की जेल और पांच लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
नकल करने पर जेल और जुर्माने का प्रावधान
जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आग्रह किया है। जारी निर्देशों के अनुसार, परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की जेल और पांच लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। जुर्माना नहीं चुकाने पर नौ महीने की अतिरिक्त सजा हो सकती है।
पेपर लीक या धांधली में शामिल संस्थाओं पर भी कार्रवाई
परीक्षा संचालन से जुड़ी प्रिंटिंग प्रेस, परिवहन एजेंसियों और कोचिंग संस्थानों की भूमिका पर भी निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा में साजिश या संगठित गड़बड़ी में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसे मामलों में 2 करोड़ से 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना और न्यूनतम 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित
जैक के निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नोट्स ले जाने की अनुमति नहीं होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगी।
इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और केंद्रों के अंदर-बाहर निगरानी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन को परीक्षा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









