Koderma: झारखंड के कोडरमा में राँची-पटना मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोडरमा घाटी के नौवां माइल में कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक पर लदा पूरा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पीसीआर पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सड़क पर बिखरे कोयले और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के कारण प्रभावित यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। इस हादसे में ट्रक चालक कलाम मियां को हल्की चोटें आई हैं। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है।
चालक कलाम मियां ने बताया कि वह हल्दिया से ट्रक में कोयला लोड कर बिहार की राजधानी पटना जा रहा था। इसी दौरान कोडरमा घाटी के तीखे मोड़ और ढलान पर ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
कोडरमा घाटी के घुमावदार रास्तों और ढलान पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल, हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।








