Jharkhand: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध-कर्म के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़का नाला घाट में दशकर्म की पारंपरिक प्रक्रिया पूरी की। आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार मुख्यमंत्री ने चूल मुंडन की रस्म निभाई। इस मौके पर उनके भाई और दुमका विधायक बसंत सोरेन, दोनों पुत्र, भतीजे व परिवार के अन्य पुरुष सदस्य भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता की अंतिम रस्म पूरी करने के साथ-साथ राष्ट्र धर्म भी निभाया। उन्होंने नेमरा स्थित पैतृक आवास के पास बने स्थायी हेलीपैड पर 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा झंडा फहराया और झारखंडवासियों को बधाई दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर लिखा—
“दशकर्म… झारखण्डी सभ्यता, संस्कृति और परंपरा को समर्पित… झारखण्ड राज्य निर्माता वीर दिशोम गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित… वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें! वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन जिंदाबाद!”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा—
“स्वतंत्रता दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। झारखण्ड समेत देश के सभी वीर पुरुखों को शत-शत नमन। जय हिंद! जय झारखण्ड!”
झंडोत्तोलन कार्यक्रम में गोला बीडीओ सुधा शर्मा, सीओ समरेश भंडारी, स्थानीय अधिकारी और मध्य विद्यालय के स्कूली बच्चे भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर देश के प्रति एकजुटता और सेवा का संकल्प दोहराना आवश्यक है।













