Dhanbad: धनबाद जिले के कुमारधुबी ओपी क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम दिया। फायर ब्रिक्स कॉलोनी के 9 घरों और फिटर लाइन के 4 घरों में ताले तोड़कर लाखों की संपत्ति चोरी कर ली गई। अनुमानित चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं।
कैसे हुई चोरी
जानकारी के मुताबिक, चोर देर रात फायर ब्रिक्स कॉलोनी और फिटर लाइन इलाके में धावा बोलकर घरों के ताले तोड़ते गए। घरों की आलमारियां और बक्से खंगाले गए।
- राम सिंह ने बताया कि उनके घर से लगभग ढाई से तीन लाख रुपये मूल्य के जेवर और नकद गायब हैं।
- शिवपुजन सिंह के घर से सवा लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी हो गई।
- वहीं उमेश चौधरी ने कहा कि इलाके में संगठित गिरोह सक्रिय है और पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने पर कुमारधुबी ओपी प्रभारी मैथ्यु एक्का दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
यह चोरी कुमारधुबी क्षेत्र में हाल की दूसरी बड़ी वारदात है। 7 सितंबर को बागानधौड़ा इलाके में भी आठ घरों में चोरी हुई थी। उस घटना के बाद तत्कालीन ओपी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। अब नए प्रभारी मैथ्यु एक्का के पदभार ग्रहण करने के महज दो दिन बाद ही ऐसी वारदात ने पुलिस की गश्ती और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिनके घरों में चोरी हुई
शिवपुजन सिंह, राम सिंह, रामाशीष राम, सुभाष मंडल, सोल्जर कुमार, उमेश चौधरी, शिवलखन चौधरी, राजू चौधरी और अमन कुमार।












