Ranchi: राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री Maiyan Samman Yojana के तहत बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न जिलों को करीब 8 हजार करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं। यह राशि चालू वित्तीय वर्ष के छह माह के लिए जारी की गई है। विभाग की ओर से जारी आवंटन आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही लाभुकों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी।
जिलों को फंड जारी होने के बाद अब योजना की लाभुक महिलाओं को जल्द राशि मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल और मई माह की किस्त एक साथ लाभुकों के खातों में भेजी जाएगी। ऐसे में प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में कुल 5000 रुपये ट्रांसफर किए जा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार 15 मई के बाद विभिन्न जिलों में राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। हालांकि कई जिलों में अभी लाभुकों का सत्यापन कार्य भी चल रहा है।
इधर योजना से जुड़े फॉर्म लेने के लिए कई प्रखंडों और पंचायत भवनों में महिलाओं और युवतियों की भीड़ देखी गई। सुबह से ही पंचायत कार्यालयों में लाभुकों का आना-जाना लगा रहा। कई जगहों पर फॉर्म प्राप्त करने के लिए महिलाओं में होड़ जैसी स्थिति बनी रही।
सरकार की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें घरेलू जरूरतों और दैनिक खर्चों में मदद मिल सके।









