Jharkhand News- पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹40 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्यवाई गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम बना कर की गई.
अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद
सतबरवा पुलिस कार्रवाई करते हुए सतबरवा थाना अंतर्गत पोलपोल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया. जिस दौरान संदिग्ध ट्रक (HR69D 3182) को रोका गया. ट्रक में ऊपर से भूसा लदा था, लेकिन जब पुलिस ने तलाशी ली तो भूसे के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई. शराब की पेटियों में इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज ब्रांड की बोतलें पाई गईं.
दो लोगों को किया गया गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. जिनकी पहचान बाड़मेर (राजस्थान) निवासी 25 वर्षीय देवेंद्र कुमार और बालोतरा (राजस्थान) निवासी 25 वर्षीय लाल चंद के रुप में हुई है. पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो दोनों आरोपी वैध कागजात नहीं दिखा सके और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए. उनके खिलाफ सतबरवा थाना में केस दर्ज कर लिया गया है.
read more- रांची को चार दशक पुराने जाम से मिलेगी राहत, 19 जून को नितिन गडकरी करेंगे उद्घाटन
पुलिस की आम लोगों से अपील
इस छापेमारी में सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा के नेतृत्व में कई पुलिसकर्मियों की टीम शामिल थी. पलामू पुलिस ने कहा है कि अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.












