Koderma: कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही इस चर्चित हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान दोनों महिलाओं को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनी देवी और यशोदा देवी उर्फ गीता देवी के रूप में हुई है। दोनों चितरपुर गांव की रहने वाली हैं और हत्या की साजिश तथा घटना में संलिप्तता के आरोपों का सामना कर रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह सनसनीखेज वारदात 3 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे हुई थी। जमीन विवाद को लेकर हुए संघर्ष में राजकुमार यादव पर फरसा और चपड़ा जैसे धारदार हथियारों से हमला किया गया था। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के दौरान उन्हें बचाने पहुंचे उनके पिता दशरथ यादव, मां और बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में मृतक की पत्नी श्वेता देवी की शिकायत पर कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
ग्रामीणों के दबाव के बाद तेज हुई कार्रवाई
हत्याकांड के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश देखने को मिला था। ग्रामीण लगातार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसी दबाव के बीच पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाकर पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब दो महिला आरोपियों को भी जेल भेज दिया है।
अभी भी 5 आरोपी फरार
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी भी पांच आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









