Giridih: गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र में कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सब्जी विक्रेता मोहम्मद असगर अंसारी की मौत हो गई। यह हादसा पाण्डेयडीह भंडारो मोड़ के पास उस समय हुआ जब वह रोज की तरह साइकिल से सब्जी बेचने के लिए निकले थे।
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मारा टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल असगर अंसारी को जमुआ अस्पताल भेजा गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोहम्मद असगर अंसारी मेहनत-मजदूरी और सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और फरार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








