Dhanbad : सिजुआ क्षेत्र स्थित कनकनी कोलियरी के आउटसोर्सिंग पैच में शनिवार को हुई भीषण ब्लास्टिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ब्लास्टिंग इतनी तेज थी कि आसपास के कई घर हिल उठे और दीवारों से प्लास्टर झड़ने लगे। इसी दौरान एक घर का प्लास्टर गिरने से एक युवती घायल हो गई।
घटना कनकनी निवासी शेरू के घर की बताई जा रही है। ब्लास्टिंग के तेज कंपन से उनके घर की छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे उनकी पुत्री के सिर में चोट लगी। हादसे के बाद परिजन घबरा गए।
सूचना मिलते ही कनकनी कोलियरी के प्रबंधक डी.के. सिन्हा तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवती को अपने वाहन से क्षेत्रीय अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, युवती के सिर से खून तो नहीं निकला, लेकिन सूजन और तेज दर्द बना हुआ है।
स्थानीयों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का लगाया आरोप, जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से कनकनी में लगातार हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास के घरों में दरारें पड़ गई हैं और लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कोल कंपनी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रही है और बिना पूर्व सूचना के विस्फोट कर रही है।
कनकनी कोलियरी के प्रबंधक डी.के. सिन्हा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे खुद मौके पर पहुंचे और घायल युवती का इलाज कराया गया। उन्होंने बताया कि परियोजना क्षेत्र के पास रहने वाले परिवारों को दूसरी जगह आवास उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन कई लोग हटने को तैयार नहीं हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से इस घटना की जांच कराने तथा ब्लास्टिंग को नियंत्रित करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।













