Ranchi News: झारखंड में शिक्षा के अधिकार और छात्रों के भविष्य को लेकर एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ओबीसी छात्र अधिकार संघर्ष समिति ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति का कहना है कि राज्य के लाखों आदिवासी छात्र-छात्राएं पिछले दो वर्षों (2023-24 और 2024-25) से अपनी छात्रवृत्ति (Scholarship) का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की नींद नहीं खुल रही है।
Ranchi News: पढ़ाई बीच में ही छोड़कर मजदूरी करने को मजबूर छात्र
यह भी स्पष्ट रूप से समझा जाए कि आदिवासी वर्ग के अधिकांश छात्र गरीब, शोषित एवं वंचित परिवारों से आते हैं। छात्रवृत्ति न मिलने के कारण वे अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़कर मजदूरी करने को मजबूर हो रहे हैं। कई छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया गया है। यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि सामाजिक अन्याय का जीवंत उदाहरण है।
संजय साहू ने कहा कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि ये जाति से तो पिछड़े हैं ही इन्हें और पीछे धकेला जा रहा है। राज्य में अन्य वर्गों के छात्रों को छात्रवृत्ति मिल चुकी है, लेकिन आदिवासी छात्रों को जानबूझकर उपेक्षित किया जा रहा है। यह सीधा-सीधा भेदभाव है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आखिर आदिवासी छात्रों का कसूर क्या है?
सतीश केशरी ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपनी जवाबदेही से बचने की कोशिश कर रही हैं, जबकि इस खींचतान में आदिवासी छात्र पिस रहे हैं। यह दोहरी नीति अब नहीं चलेगी। हम सरकार और पद में बैठे अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हैं कि अविलंब लंबित छात्रवृत्ति राशि जारी की जाए। अन्यथा आदिवासी छात्र पूरे राज्य में उग्र आंदोलन, सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष और व्यापक जनांदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।
Ranchi News: 15 मई से पहले छात्रवृत्ति का भुगतान करे
छात्र अभिषेक ने कहा कि सरकार अपनी मंशा स्पष्ट करे और अपने कहे अनुसार 15 मई से पहले छात्रवृत्ति का भुगतान करे। आदिवासी छात्र प्रतिदिन अपनी पढ़ाई को लेकर मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।
पश्चिमी सिंहभूम के छात्र रामहरी गोप ने कहा कि सरकार अपने हर आश्वासन में छात्रवृत्ति को लेकर एक नया तिथि घोषित करती है लेकिन वह तिथि आ जाने पर और एक नया तिथि तय कर देती है। छात्र समय का इंतजार करके थक चुके हैं।
इस मौके पर छात्र विक्कु कुमार, अमनजीत महता, कुणाल केशरी, सुमन गोप, संजय, सतीश, अर्जुन सहित कई छात्र उपस्थित थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









