Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के एक कथित बयान को लेकर राज्य में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने मंत्री के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मोर्चा खोल दिया है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने स्वास्थ्य मंत्री के बयान को बेहद शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की है।
महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस की आदत-गीता कोड़ा का बड़ा आरोप
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इरफान अंसारी द्वारा महिलाओं के संदर्भ में ‘चेहरे की चमक बढ़ जाने’ जैसे शब्दों का प्रयोग करना पूरे महिला समाज का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और खासकर इरफान अंसारी की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने की पुरानी आदत रही है।
पुराने बयानों का दिया हवाला
गीता कोड़ा ने याद दिलाया कि इससे पहले भी मंत्री जी महिलाओं के लिए ‘रिजेक्टेड माल’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर उन्हें अपमानित कर चुके हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस नेता देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं।
रिनपास में इलाज कराने की सलाह, हेमंत सरकार से बर्खास्तगी की मांग
कोड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का मानसिक संतुलन पूरी तरह बिगड़ चुका है और उन्हें इलाज की सख्त जरूरत है। राज्य सरकार को उन्हें तुरंत रांची के मानसिक रोग संस्थान ‘रिनपास’ (RINPAS) में भर्ती करा देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार मंत्री को कैबिनेट से अविलंब बर्खास्त किया जाए।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









