Jamtara : जामताड़ा जिले के रामपुर निवासी सरोजली हेमब्रम का आकस्मिक निधन हो गया। सरोजली सामाजिक कार्यों में सक्रिय थीं और अपने क्षेत्र में विशेष रूप से लोकप्रिय थीं। उनके निधन की सूचना मिलने पर ग्रामीण अत्यंत दुखी हो उठे।
जब तक मंत्री नहीं आएंगे, अंतिम संस्कार नहीं होगा
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को सूचित करते हुए आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि “जब तक मंत्री नहीं आएंगे, अंतिम संस्कार नहीं होगा।”
ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी तत्काल रामपुर पहुँचे। वहाँ पहुंचकर उन्होंने परिवार से मुलाकात की। परिवार का दुख देखकर मंत्री जी भी भावुक हो उठे और उनकी आँखें भर आईं।
मंत्री ने कहा कि “चिंता मत कीजिए। सरोजली हमारी बेटी थी। उसके बच्चों का भविष्य मेरी जिम्मेदारी है। सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”
मंत्री ने शोकाकुल परिवार को व्यक्तिगत आर्थिक सहयोग प्रदान किया
सरोजली अपने पीछे दो बेटियाँ और एक बेटा छोड़ गई हैं। मंत्री ने शोकाकुल परिवार को व्यक्तिगत आर्थिक सहयोग प्रदान किया तथा सरकारी योजनाओं के अंतर्गत सभी लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
आगे मंत्री ने कहा कि “दुख की इस घड़ी में मैं और पूरा प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है। समाज का कोई भी सदस्य अकेला नहीं है।”
ग्रामीणों ने डॉ. इरफान अंसारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप हमेशा हमारे सुख-दुख में सबसे पहले खड़े रहते हैं। यही आपका सच्चा जनसेवक होना है।” अंत में मंत्री इरफान ने सरोजली को श्रद्धांजलि अर्पित की और शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार सम्पन्न कराया गया।









