Jharkhand News: झारखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल घघारी बाबा धाम में इतिहास में पहली बार जमुनी नदी का पानी भगवान भोलेनाथ के चरणों तक पहुंच गया। शनिवार को लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते नदी ने उग्र रूप धारण कर लिया और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना का विशेष पहलू यह रहा कि उफनती नदी का जल कुछ समय के लिए मंदिर में प्रवेश कर गया, जिससे मंदिर परिसर जलमग्न हो गया और भगवान शिव का “स्वाभाविक अभिषेक” हुआ। इसे लेकर जहां कुछ लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं, वहीं कई श्रद्धालु इसे ईश्वरीय सौभाग्य और अद्भुत संकेत बता रहे हैं।
अभूतपूर्व दृश्य बना आकर्षण का केंद्र
स्थानीय लोगों के अनुसार, घघारी जलप्रपात और जमुनी नदी का ऐसा रौद्र और प्रलयंकारी रूप पहले कभी नहीं देखा गया। जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि कुछ ही घंटों में मंदिर परिसर तक पानी पहुंच गया। हालांकि बाद में जलस्तर में गिरावट आने से स्थिति सामान्य हो गई।
read more- मोस्ट वांटेड अपराधी मयंक सिंह को अजरबैजान से रांची लेकर पहुंची झारखंड ATS की टीम
इस अद्वितीय दृश्य को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मंदिर पहुंच गए, जिससे धार्मिक स्थल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
क्या बोले मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोग?
मंदिर के पुजारी सीताराम पाठक और समाजसेवी दशरथ तिर्की ने बताया कि, “घघारी बाबा धाम के इतिहास में यह पहला अवसर है जब मंदिर के अंदर बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। यह दृश्य थोड़ी देर ही रहा, लेकिन भक्तों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।”
read more- कौन है मयंक सिंह? जो अमन साहू और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की सबसे खतरनाक कड़ी था!













