Jharkhand: झारखंड की राजनीति से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पांकी विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं। मुंबई में एक सरकारी बैठक में हिस्सा लेने के दौरान, ठगों ने उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत 1.27 लाख रुपये का चूना लगा दिया।
घटना 26 जून की सुबह की है। विधायक को “रितेश” नामक एक शख्स ने कॉल किया और खुद को GST विभाग का अधिकारी बताया। उसने कहा कि पश्चिम बंगाल के मालदा में जब्त गाड़ियों की नीलामी हो रही है और व्हाट्सएप पर टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियों की तस्वीरें भेजीं।
रितेश ने विधायक से गाड़ी खरीदने के लिए 10% एडवांस (₹1.27 लाख) मांगा। बाद में उसने “अनूप” नामक एक व्यक्ति का नंबर दिया, जिसने विधायक को एक अन्य शख्स आकाश सिन्हा का बैंक खाता नंबर भेजा। विधायक ने अपने निजी सहायक के माध्यम से उक्त राशि ट्रांसफर कर दी।
राशि भेजने के बाद ठगों ने एक फर्जी रसीद भेजी और फिर सभी संदिग्धों के मोबाइल नंबर बंद हो गए। कई प्रयासों के बावजूद जब संपर्क नहीं हो पाया, तो विधायक ने रांची साइबर थाना में रितेश कुमार, अनूप कुमार और आकाश सिन्हा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी है और शुरुआती तौर पर यह मामला सुनियोजित साइबर गैंग की करतूत माना जा रहा है।












