धनबाद/वासेपुर: मंगलवार को धनबाद के वासेपुर इलाके में शाहबाज अंसारी के घर पर अंतरराज्यीय पुलिस की बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बैंक मोड़ थाना पुलिस की मौजूदगी में लखनऊ से आई NIA और ATS की संयुक्त टीम ने जब्बार मस्जिद के पास स्थित उनके आवास पर सुबह से छापेमारी शुरू की, जो लगातार 9 घंटे से जारी है।
सूत्रों के अनुसार, घर के अंदर से भारी मात्रा में कैश बरामद होने की संभावना जताई जा रही है। कैश की गिनती के लिए पुलिस अधिकारी कैश काउंटिंग मशीन भी साथ लाए हैं।
घर के बाहर कड़ी सुरक्षा
छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस ने घर के बाहर सुरक्षा घेरा बना रखा है, जबकि अंदर अंतरराज्यीय पुलिस टीम बारीकी से जांच कर रही है। इलाके में लोगों की भीड़ जमा है और हर कोई इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहा है।
आधिकारिक पुष्टि से बच रही पुलिस
अब तक इस कार्रवाई के कारणों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी वासेपुर में झारखंड ATS और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद से यह इलाका सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है।












