Jharkhand News: झारखंड पुलिस की कड़ी मेहनत के बाद अजरबैजान से प्रत्यर्पित अंतरराष्ट्रीय अपराधी मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को अब जमशेदपुर स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया जाएगा। जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। वर्तमान में मयंक सिंह रामगढ़ जेल में बंद है, लेकिन जेल प्रशासन ने इसे असुरक्षित बताते हुए उसे वहां से स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।
मयंक सिंह झारखंड का पहला अपराधी है जिसे विदेश से प्रत्यर्पण कर भारत लाया गया है। उसकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन बेहद सतर्क है। रामगढ़ जेल प्रशासन ने सुरक्षा को खतरा मानते हुए उसे अधिक सुरक्षित जेल में स्थानांतरित करने की मांग की थी। इसी के तहत अब उसे अति सुरक्षित घाघीडीह सेंट्रल जेल में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मयंक सिंह पर बड़कागांव और उरीमारी थाना क्षेत्रों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें बड़कागांव थाना के कांड संख्या 198/21, 252/21, 256/21, 287/23, 208/23 और उरीमारी ओपी कांड संख्या 196/21, साथ ही डाड़ीकला ओपी कांड संख्या 182/23 शामिल हैं। इन सभी मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा 385 और 387 (जबरन वसूली) के तहत आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस अब मयंक के खिलाफ दर्ज मामलों की आगे की जांच में जुट गई है।












