Koderma: कोडरमा सदर थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी कालीमंडा के पास कच्चा तेल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर तेल बहने लगा, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोग बाल्टी, ड्रम और दूसरे बर्तन लेकर तेल भरते नजर आए।
पश्चिम बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर नेपाल जा रहा था टैंकर
जानकारी के अनुसार, टैंकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर नेपाल जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोट आई है।
सूचना मिलने पर कोडरमा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची
टैंकर के पलटने के बाद उसमें भरा कच्चा तेल सड़क पर फैल गया। सूचना मिलने पर कोडरमा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तेल ले जा रहे ग्रामीणों को वहां से हटाया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के बाद क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कर सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
बड़ी मात्रा में कच्चा तेल सड़क पर बहकर बर्बाद
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीण काफी मात्रा में तेल अपने साथ ले जा चुके थे। वहीं, बड़ी मात्रा में कच्चा तेल सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया।
बताया गया कि टैंकर में सोयाबीन तेल बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल था। यह पूरी तरह रिफाइंड नहीं था। ऐसे पदार्थ के सेवन से पहले आवश्यक जांच और प्रोसेसिंग जरूरी होती है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









