Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज वाजपेयी महतो का पदभार ग्रहण और अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद मनोज वाजपेयी महतो ने विधिवत प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला।
पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने अरगोड़ा हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रदेश कार्यालय लौटने पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पगुच्छ के साथ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उनका स्वागत किया।
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने मनोज वाजपेयी महतो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटें तथा पूर्व में जो कार्य छूट गए हैं, उन्हें आगे बढ़ाएं।
कार्यकर्ताओं को पद की लालसा के बिना संगठन के लिए कार्य करना चाहिए
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पद की लालसा के बिना संगठन के लिए कार्य करना चाहिए। संगठन में सभी को पद मिलना संभव नहीं है, लेकिन हर कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और उसकी भूमिका अहम है। भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए पद नहीं, संगठन और विचारधारा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, संगठन और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ पिछड़ा समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
मौके पर प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछड़ा समाज के सम्मान, अधिकार, प्रतिनिधित्व और अवसरों को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) को संवैधानिक दर्जा मिलना सामाजिक न्याय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है। केंद्र सरकार की नौकरियों तथा केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में OBC के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू है।
वहीं NEET में भी OBC के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड में पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित कराने की दिशा में भी मजबूती से प्रयास करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी।
आजीवन भाजपा में कार्य करने के लिए संकल्पित हूं
नवनियुक्त ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनोज वाजपेयी महतो ने सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के सहयोग और मार्गदर्शन से ओबीसी मोर्चा को और अधिक मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे आजीवन भाजपा में कार्य करने के लिए संकल्पित हैं और उनके लिए पार्टी की विचारधारा सर्वोपरि है। संगठन की मजबूती, पिछड़े समाज के अधिकारों की रक्षा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन ईश्वरचंद्र प्रजापति ने किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का परिचय हलधर नारायण शाह ने कराया तथा धन्यवाद ज्ञापन हेमंत केशरी ने किया।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








