KhabarMantra: रांची में इन दिनों सड़क पर मनमाने तरीके से गाड़ी चलाने और खुद को रसूखदार बताकर दबदबा जमाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ताजा मामला मोरहाबादी क्षेत्र का है, जहां खबर मंत्र के संवाददाता आदित्य सिंह के साथ एक कार चालक ने बदसलूकी की है। कार चालक ने दावा किया कि वह पांकी विधायक शशि भूषण मेहता का भगिना (रिश्तेदार) है।
घटना उस समय हुई जब खबर मंत्र के संवाददाता अपने ऑफिस से हरमू की ओर जा रहे थे। मोरहाबादी सूचना भवन के पीछे एक युवक ने अपनी कार को गलत ढंग से चलाते हुए इस तरह से कट मारा कि संवाददाता का बैलेंस बिगड़ गया और आसपास के अन्य लोग भी गिरते-गिरते बचे। जब संवाददाता ने युवक से बात की, तो उसने अपनी गलती मानने से इनकार कर दिया और उल्टा धमकाने लगा। युवक ने कहा, “मैं पांकी विधायक का भगिना हूं”, और देख लेने की धमकी देते हुए वहां से गाड़ी लेकर भाग निकला।
संवाददाता ने उसकी गाड़ी का पीछा किया और वीडियो रिकॉर्ड भी किया। कार का नंबर BR01EA 4513 है और खास बात यह है कि कार के पीछे बड़े-बड़े अक्षरों में “विधायक” लिखा हुआ है।
शशिभूषण मेहता ने रिश्तेदार होने से किया इंकार
जब इस मामले में पांकी विधायक शशि भूषण मेहता से संपर्क किया गया और वीडियो दिखाया गया, तो उन्होंने साफ कहा कि उनका इस युवक से कोई रिश्ता नहीं है और उन्हें इस गाड़ी या चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
यह मामला न केवल ट्रैफिक व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को उजागर करता है, बल्कि इस बात पर भी सवाल खड़े करता है कि कैसे आम लोग खुद को जनप्रतिनिधियों का रिश्तेदार बताकर कानून की धज्जियां उड़ाते हैं। साथ ही, मोरहाबादी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में जहां राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता और दिशोम गुरू का आवास है, में पुलिस की गैर मौजूदगी भी चिंता का विषय है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करे और फर्जी तरीके से “विधायक” या अन्य पदों की पहचान दर्शाने वालों के खिलाफ जांच कर उचित कदम उठाए। सवाल तो यह भी है कि बिहार के नंबर प्लेट की यह गाड़ी का चालक झारखंड के विधायक का भगिना बताकर लोगों को डरा धमका क्यों रहा है?

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








