गुमला: झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक धान व्यापारी को गोली मारकर लाखों रुपये लूट लिए गए. घटना रायडीह के क़ासिर साप्ताहिक बाजार में हुई, जहाँ अपराधियों ने गुमला के करौंदी निवासी राजकुमार गुप्ता को निशाना बनाया. घायल व्यापारी को गंभीर हालत में गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, राजकुमार गुप्ता की हालत खतरे से बाहर है.
विरोध करने पर चलाई गोली
घटना उस वक्त हुई जब राजकुमार गुप्ता अपनी धान की दुकान लगाकर बैठे थे. बेखौफ अपराधी उनके पास आए और रुपयों से भरा थैला छीनने का प्रयास किया. जब व्यापारी ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और पैसों वाला थैला लेकर फरार हो गए. गोली की आवाज सुनकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए.
सदर अस्पताल में चल रहा है व्यापार
स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यापारी को तुरंत गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की मांग की है ताकि वे भयमुक्त होकर अपना व्यवसाय कर सकें.











