KhabarMantra: भारत की ओर से किए गए निर्णायक ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने बौखलाहट में एक और शर्मनाक हरकत करते हुए जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक गुरुद्वारा साहिब को निशाना बनाया है। इस हमले में गुरुद्वारे में रागी भाई के रूप में सेवा कर रहे अमरीक सिंह, अमरजीत सिंह, रंजीत सिंह और रूबी कौर की दर्दनाक मौत हो गई।
हमले ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस हमले की तीव्र निंदा करते हुए कहा, “जहां सबके भले के लिए अरदास की जाती है, वहां इस प्रकार का हमला करना अत्यंत निंदनीय है। लोगों को लक्ष्य बनाना बिल्कुल गलत है।” उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए गुरु साहिब से प्रार्थना की कि वे मृत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य प्रदान करें।
सीमा क्षेत्र में तनाव चरम पर, सेना सतर्क
इस घटना के बाद पुंछ और आस-पास के सीमाई क्षेत्रों में तनाव फैल गया है। सेना ने सीमा पर निगरानी और सुरक्षा कड़ी कर दी है ताकि किसी भी और दुस्साहस को रोका जा सके।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की बड़ी कार्रवाई
इससे पहले भारत ने 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया था। यह कार्रवाई पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। भारतीय वायुसेना द्वारा निशाना बनाए गए आतंकी ठिकानों में बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट, कोटली और मुजफ्फराबाद स्थित कई आतंकी प्रशिक्षण केंद्र शामिल थे।
पाकिस्तान ने इस कार्रवाई का जवाब नागरिक ठिकानों पर हमले के रूप में दिया है, जो उसकी कायरता और आतंकी मानसिकता को उजागर करता है।













