Palamu Murder: पलामू से एक सनसनीखेज मामला निकलकर निकलकर सामने आ रहा है जहां एक भाई ने अपने ही सगे भाई को मौत के घाट उतार दिया। पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही अंदाग गांव में शराब के नशे में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की टांगी से काटकर हत्या कर दी है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है।
Palamu Murder: सगाई कार्यक्रम में एक साथ शामिल हुए थे सभी भाई
मृतक की पहचान पिंटू भुईयां के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक परिवार में सगाई का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें सभी भाई एक साथ जुटे थे। इसी दौरान शराब पीने के बाद पिंटू और उसके छोटे भाई सीटू भुईयां के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि सीटू ने गुस्से में आकर टांगी से पिंटू पर हमला कर दिया।
Palamu Murder: घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार
इस घटना में पिंटू गंभीर रुप से घायल हो गया। आनन-फानन में घायल पिंटू को तुरंत पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जिसके बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।













